Tuesday, 20 September 2016

हत्या करने जा रहा बादशाह गिरोह का सरगना गिरफ्तार, हथियार बरामद

 
रांची.रांची पुलिस ने बादशाह गिरोह के सरगना जीतेंद्र महतो और विजय गोप को टंकी साइड धुर्वा से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से एक देसी पिस्तौल, दो गोली और पांच पर्चा मिले हैं। पर्चे पर बादशाह गिरोह लिखा है और पी सिंह का नाम अंकित है। पी सिंह कौन है, इसका पुलिस पता लगा रही है।
हत्या की ली थी जिम्मेदारी
एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने बताया कि गिरोह में पकड़े गए दोनों आरोपियों के अलावा प्रेम बारला, विजय गोप, रवि महतो, लक्ष्मण व अर्जुन उरांव हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। जीतेंद्र ने दो मार्च को अपने साथियों के साथ मिलकर पीएलएफआई से संबंध रखने वाले अर्जुन ठाकुर की हत्या कर दी थी। इसके बाद बादशाह गिरोह का पर्चा छोड़ कर हत्या की जिम्मेवारी ली थी। एसएसपी के अनुसार कर्रा और इटकी में गिरोह ने तीन अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है। जीतेंद्र ने बताया कि अर्जुन उसकी हत्या करने वाला था, इस कारण उसे मार डाला। पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह के लोग बाइक से तुपुदाना या धुर्वा इलाके से आएंगे और घटना को अंजाम देकर फरार हो जाएंगे। इसके बाद ही उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जाल बिछाया।
काॅल रिकॉर्ड हो रही थी
एसएसपी का कहना है कि गिरोह के लोगों के नाम और फोन नंबर पुलिस को मिल गए थे। पुलिस उन्हें लगातार पकड़ने का प्रयास कर रही थी। फोन पर उनके बीच हो रही बातचीत की जानकारी मिल रही थी। कुछ दिनों से गिरोह के सदस्य तीन जमीन कारोबारी गुड्डू अंसारी, बजरंग महतो और समीर की हत्या की फिराक में लगे थे। पुलिस ने तीनों कारोबारियों को सतर्क करते हुए संभल कर रहने को कहा था। पकड़े गए दोनों अपराधियों ने बताया कि वे एक जमीन कारोबारी की हत्या करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने पहले ही पकड़ लिया।
पीएलएफआई के साथ गैंगवार की थी आशंका
एसएसपी का कहना है कि बादशाह गिरोह के सभी अपराधी पहले पीएलएफआई से जुड़े थे। कुछ साल पहले उससे नाता तोड़ कर अपना गिरोह तैयार किया था और वर्चस्व स्थापित करने के लिए लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इस वजह से पीएलएफआई और बादशाह गिरोह के बीच गैंगवार की भी आशंका थी।

No comments:

Post a Comment