कोडरमा बाजार :
सरकारी योजना में गड़बड़ी व लाखों रुपये अधिक भुगतान करने के आरोपी
कोडरमा के तत्कालीन कृषि पदाधिकारी अमरेश कुमार झा को जमशेदपुर से कोडरमा
पुलिस ने गिरफ्तार किया. जमशेदपुर में पदस्थापित थे अमरेश : झा वर्तमान में
जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी के पद पर जमशेदपुर में कार्यरत थे. अमरेश
झा के खिलाफ वर्ष 2011 में कोडरमा में मामला दर्ज हुआ था.
कोडरमा थाना के एसआइ तनवीर खान के नेतृत्व में शनिवार को जमशेदपुर गयी
टीम ने कार्यालय के पास से उन्हें गिरफ्तार किया. इसके बाद पुलिस झा को
लेकर कोडरमा पहुंची. आरोपी को जेल भेजे जाने की तैयारी है.
कालीपद ने दर्ज करायी थी प्राथमिकी : जानकारी के अनुसार, कृषि
पदाधिकारी कालीपद महतो ने वर्ष 2011 में कोडरमा थाना में आवेदन देकर 2009
में कृषि पदाधिकारी रहे अमरेश कुमार झा के साथ ही कार्यालय के सहायक
देवेंद्रनाथ पांडेय, जेनटेक फार्म रांची के उमाशंकर सिंह (पिता कपिलदेव
सिंह, निवासी कांके रोड रांची) को आरोपी बनाया था. आवेदन में कहा गया था कि
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत जिले में ट्राॅपिकल पॉली हाउस निर्माण
को लेकर कुल 22 लाख 40 हजार की राशि आयी थी. इसमें आत्मा द्वारा लाभुकों
का चयन कर काम कराया जाना था. साथ ही लाभुकों को मात्र अनुदान राशि दी जानी
थी, लेकिन तत्कालीन कृषि पदाधिकारी अमरेश कुमार झा ने नियमविरुद्व बिना
विधिवत निविदा, कोटेशन के रांची के जेनटेक फार्म को काम दे दिया. इस योजना
के तहत लाभुकों के नाम मात्र छह लाख 14 हजार 617 रुपये का भुगतान किया जाना
था, पर झा व सहायक ने 12-10-2009 को 21 लाख नौ हजार व 22-10-2009 को एक
लाख से ज्यादा की राशि कुल मिला कर 22 लाख 20 हजार का भुगतान कर दिया. इस
कार्य की बाद में कार्यपालक अभियंता (ग्रामीण कार्य विभाग विशेष प्रमंडल)
से जांच करायी गयी तो स्वीकृत आकार व मानक प्राक्कलन के अनुसार, कार्य नहीं
किया गया था.
सहायक को पहले ही जेल भेज चुकी है पुलिस
वर्ष 2011 में केस दर्ज होने के बाद कोडरमा पुलिस इस मामले में आरोपी
रहे तत्कालीन सहायक देवेंद्रनाथ पांडेय को वर्ष 2012 में गिरफ्तार कर जेल
भेज चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी जेनटेक फार्म के उमाशंकर सिंह फरार चल रहे
हैं. पुलिस ने थाना कांड संख्या 160/11 में धारा 409/420 के तहत तत्कालीन
कृषि पदाधिकारी अमरेश कुमार झा व अन्य को आरोपी बनाया था. उस समय से झा को
फरार दिखाया जा रहा था. इनके विरुद्व वारंट के साथ ही कुर्की जब्ती का
आदेश अदालत द्वारा पहले ही निर्गत है.
अमरेश झा के बनाये 2500 डोभा की चल रही जांच
जमशेदपुर. कोडरमा पुलिस द्वारा गिरफ्तार जिला भू संरक्षण पदाधिकारी
अमरेश कुमार झा द्वारा पूर्वी सिंहभूम जिले में बनाये गये 25 सौ डोभा की भी
जांच की जा रही है. सरकार की अोर से भूमि संरक्षण विभाग को 55 सौ डोभा
खोदने का निर्देश दिया गया था, जिसमें 25 सौ डोभा पूर्ण हुए थे.
20 जुलाई को जिला योजना समिति की बैठक में पार्षदों ने भूमि संरक्षण
विभाग द्वारा जेसीबी से बनाये गये डोभा में अनियमितता की शिकायत की थी,
जिसके बाद जिले की प्रभारी मंत्री डॉ नीरा यादव ने जांच कमेटी गठित कर जांच
कराने का आदेश दिया था. इसमें खोदे गये सभी 25 सौ डोभा की जांच चल रही
है. पूर्वी सिंहभूम के जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी अमरेश कुमार झा
सरायकेला-खरसावां जिले एवं पश्चिम सिंहभूम जिले के प्रभार में थे.
No comments:
Post a Comment