Monday, 19 September 2016

गांवों में भी क्रिकेट काफी लोकप्रिय : अन्नपूर्णा देवी


 
जयनगर : प्रखंड के प्लस टू उवि जयनगर मैदान में पंचायतस्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. टूर्नामेंट में जयनगर पूर्वी, पश्चिमी, कटहाडीह व ककरचोली पंचायत की टीम ने भाग लिया. फाइनल मैच जयनगर पश्चिमी व कटहाडीह पंचायत की टीम के बीच खेला गया.
 
इसमें जयनगर पश्चिमी ने कटहाडीह को 16 रन से हरा कर विजेता बना. विजेता टीम को मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया. मौके पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में भी क्रिकेट बेहद लोकप्रिय खेल बन गया है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से खेल प्रतिभा में निखार आता है, गांव के खिलाड़ी बेहतर खेल का प्रदर्शन कर जिला राज्य व राष्ट्र स्तर पर खेल सकते है. मगर इसके लिए नियमित अभ्यास की जरूरत है. उन्होंने कहा कि खेल से खिलाड़ियों का शारीरिक विकास भी होता है. 
 
अंपायर की भूमिका बड़का खान व मनवर थे. मौके पर प्रखंड राजद अध्यक्ष राजकुमार यादव, पूर्व पंसस मुमताज आलम, मुखिया बैजनाथ प्रसाद रजक, आयोजक छात्र नेता मो आवेज इकबाल, सेराज खान, पप्पू सिंह, अरमान खान, अब्दुल मन्नान, शाहरूख खान, अरविंद सिंह, आयूब खान समेत कई खेल प्रेमी मौजूद थे.

लाइन होटलों को न हटाया जाये


 
चौपारण. प्रखंड के ग्राम पंचायत चौपारण के जीटी रोड स्थित होटल बहार में रविवार को रोजी रोटी की सवाल को लेकर होटल मालिकों ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक की.  बैठक की अध्यक्षता जिप सदस्य रामस्वरूप पासवान ने की.  संचालन मुखिया संघ के अध्यक्ष राजदेव यादव ने किया़   श्री पासवान ने कहा कि जीटी रोड किनारे वर्षों से लाईन होटल संचालित है़  खास कर चौपारण के चतरा मोड़ से चोरदाहा तक घने जंगलों से गुजरा जीटी रोड पर आज इन्ही होटल संचालकों के प्रयास से अपराध पर अंकुश लगा है़ पहले इस मार्ग पर बस लूट एवं ट्रक अगवा की घटना होते रहती थी़  जीटी रोड पर दुर्घटना के वक्त भी होटल वालों के महती भूमिका से कई लोगों की जान बच जाती है़  राजदेव यादव ने कहा कि जहां लोग बंजर भूमि पर होटल स्थापित कर लोग रोजी रोटी कर रहे है़
 
उसे हटाने का प्रयास किया जा रहा है. बैठक में प्रमुख नीलम कुमारी, मुखिया विनोद कुमार सिंह, शौकत खान, अरविंद कुमार सिन्हा, वीरेंद्र रजक, प्रदीप चंद्रवंशी, होटल मालिक रामभरोसा सिंह, कारू यादव, सत्यानंद यादव, संजय सिंह, सहदेव सिंह, सोले तिवारी, राकेश तिवारी, रामजतन सिंह, किशोर सिंह, फोल्टेन खान, बिजय सिंह, कारू सिंह सहित कई लोग उपस्थित थ़े

विवाहिता को मार-पीट कर घर से निकाला


 
चौपारण. प्रखंड के ग्राम पंचायत चयखुर्द निवासी शबनम खातून ने दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप ससुरालवालों पर लगाया है़   इस संबंध में शबनम के आवेदन पर कांड संख्या 168/16 के तहत मामला दर्ज किया गया है़   
 
दर्ज प्राथमिकी में शबनम के पति मो इसलाम  एवं जेठ मो तौरेज अहमद सहित नौ लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है़ पुलिस मामले की जांच कर रही है़
 
शबनम ने आवेदन में कहा है कि उसकी शादी दो वर्ष पूर्व मुसलिम रीति रिवाज से उक्त गांव के मो इसलाम के साथ हुआ था़  शादी के समय शबनम के मायके वालों ने अपने औकात के मुताबिक दान दहेज दिया था. इसी बीच शबनम को एक लड़की भी हुई़  उसके बाद दहेज की मांग को लेकर विवाद हो गया़  ससुरालवालों ने शबनम को मारपीट कर घर से निकाल दिया़ उसकी छोटी बच्ची को अपने पास रख लिया़  शबनम के मायके और ससुराल आस पास में ही है़ जब शबनम 17 सितंबर को अपने भतीजे को बच्ची को लाने ससुराल भेजी़  उसके बाद पुन: ससुराल वालों ने शबनम के मायके आकर मारपीट की है़  शबनम ने थाना प्रभारी से उक्त आरोपित लोगो को गिरफ्तार करने की मांग की है़

सीएम की सभा में विरोध करनेवाले को रिहा करें


 
हजारीबाग : मुख्यमंत्री रघुवर दास की सभा में विरोध दर्ज करनेवाले उपप्रमुख रामस्वरूप ओझा को बिना शर्त रिहाई की मांग पंचायत प्रतिनिधियों ने की है. जिला समाहरणालय के समक्ष प्रतिनिधियों ने सोमवार को धरना दिया गया. गौरतलब है कि दस सितंबर को हजारीबाग प्रमंडलीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री रघुवर दास की सभा में मुख्यमंत्री के बातों पर असहमति जताने के लिए उपप्रमुख रामस्वरूप ओझा ने विरोध किया था. मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने रामस्वरूप ओझा पर मामला दर्ज कर जेल भेज दिया था. इसी का विरोध पंचायत प्रतिनिधि कर रहे हैं. 
 
धरना में हजारीबाग, रांची, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, गुमला, सिमडेगा, गिरिडीह, लातेहार समेत कई जिलों के जिप अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, प्रमुख, मुखिया काफी संख्या में शामिल हुए. धरना को संबोधित करते हुए सभी वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक ढंग से विरोध व अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है. मुख्यमंत्री मंच से पंचायत प्रतिनिधियों के विरुद्ध अनर्गल बयानबाजी कर रहे थे. इससे सभी प्रतिनिधि काफी दुखी हुए. वक्ताओं ने कहा कि सभी सरकारों में पंचायत प्रतिनिधियों को अपनी बातों को रखने का अवसर मिलता रहा है. लेकिन जेल भेजना कहीं से भी उचित नहीं है.
 
महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उपायुक्त हजारीबाग को दिया गया. इसमें कहा गया कि प्रमंडलीय सम्मेलन में जिला परिषद, पंचायत समिति, मुखिया, पंचायत स्वयंसेवकों ने बहुत आशा के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज की थी. लेकिन मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों के विरुद्ध अमार्यादित ढंग से अनर्गल बयानबाजी पंचायत प्रतिनिधियों के विरुद्ध किया, जो अत्यंत ही अशोभनीय था. मुख्यमंत्री के बयानबाजी से सभी पंचायत प्रतिनिधियों को आहत हुआ. 
 
उपप्रमुख रामस्वरूप ओझा ने मुख्यमंत्री के बयानबाजी का विरोध किया. उपस्थित पुलिस बल ने उन्हें शांत कराकर बैठा दिया. कार्यक्रम खत्म होने पर जेल भेज दिया गया. इसी के विरोध में पंचायत प्रतिनिधि धरना प्रदर्शन कर रहे हैं. ताकि राज्य सरकार जनप्रतिनिधियों के प्रति एक समान दृष्टि रखे. धरना को संबोधित करनेवालों में जिला परिषद अध्यक्ष सुशीला देवी, जिला परिषद अध्यक्ष कोडरमा शालिनी गुप्ता, रामगढ जिला परिषद अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो, लातेहार जिला परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू, गुमला जिला परिषद अध्यक्ष किरण बाडा, सिमडेगा जिला परिषद अध्यक्ष मेनन एक्का, रांची जिप उपाध्यक्ष पार्वती देवी, गिरिडीह जिप अध्यक्ष राकेश महतो, रामगढ जिप सदस्य कपिलदेव मुंडा, हजारीबाग जिप सदस्य बसंत नारायण मेहता, प्रियंका कुमारी, विनोद मेहता, अनिता सिंह, रवि सिंह, सर्वेश सिंह, संतोष रविदास, रामस्वरूप पासवान, विष्णुगढ प्रमुख अशोक कुमार गुप्ता,  इचाक प्रमुख सरिता देवी, पदमा प्रमुख विपीन मेहता, हजारीबाग प्रमुख रामलखन मेहता, पंचायत समिति सदस्य अब्दुल खान, दारू प्रमुख ललिता देवी, मुखिया राकेश रंजन दुबे, केरेडारी प्रमुख नीतू कुमारी, सरोजनी राम समेत सैकड़ों की संख्या में पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित हुए.

भूमि संरक्षण पदाधिकारी गिरफ्तार


कोडरमा बाजार :  सरकारी योजना में गड़बड़ी व  लाखों रुपये अधिक भुगतान करने के आरोपी कोडरमा के तत्कालीन कृषि पदाधिकारी अमरेश कुमार झा को जमशेदपुर से कोडरमा पुलिस ने गिरफ्तार किया. जमशेदपुर में पदस्थापित थे अमरेश : झा वर्तमान में जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी के पद पर जमशेदपुर में कार्यरत थे.   अमरेश झा के खिलाफ वर्ष 2011 में कोडरमा में मामला दर्ज हुआ था. 
कोडरमा थाना के एसआइ तनवीर खान के नेतृत्व में शनिवार को जमशेदपुर गयी टीम ने कार्यालय के पास से उन्हें गिरफ्तार किया. इसके बाद पुलिस झा को लेकर कोडरमा पहुंची. आरोपी को जेल भेजे जाने की तैयारी है.
 
कालीपद ने दर्ज करायी थी प्राथमिकी : जानकारी के अनुसार, कृषि पदाधिकारी कालीपद महतो ने वर्ष 2011 में कोडरमा थाना में  आवेदन देकर 2009 में कृषि पदाधिकारी रहे अमरेश कुमार झा के साथ ही कार्यालय के सहायक देवेंद्रनाथ पांडेय, जेनटेक फार्म रांची के उमाशंकर सिंह (पिता कपिलदेव सिंह, निवासी कांके रोड रांची) को आरोपी बनाया था. आवेदन में कहा गया था कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत जिले में ट्राॅपिकल पॉली हाउस निर्माण को लेकर कुल 22 लाख 40 हजार की राशि आयी थी. इसमें आत्मा  द्वारा लाभुकों का चयन कर काम कराया जाना था. साथ ही लाभुकों को मात्र अनुदान राशि दी जानी थी, लेकिन तत्कालीन कृषि पदाधिकारी अमरेश कुमार झा ने नियमविरुद्व बिना विधिवत निविदा, कोटेशन के रांची के जेनटेक फार्म को काम दे दिया. इस योजना के तहत लाभुकों के नाम मात्र छह लाख 14 हजार 617 रुपये का भुगतान किया जाना था, पर झा व सहायक ने 12-10-2009 को 21 लाख नौ हजार व 22-10-2009 को एक लाख से ज्यादा की राशि  कुल मिला कर 22 लाख 20 हजार का भुगतान कर दिया. इस कार्य की बाद में कार्यपालक अभियंता (ग्रामीण कार्य विभाग विशेष प्रमंडल) से जांच करायी गयी तो स्वीकृत आकार व मानक प्राक्कलन के अनुसार, कार्य नहीं किया गया था. 
 
सहायक को पहले ही जेल भेज चुकी है पुलिस
 
वर्ष 2011 में केस दर्ज होने के बाद कोडरमा पुलिस इस मामले में आरोपी रहे तत्कालीन सहायक देवेंद्रनाथ पांडेय को वर्ष 2012 में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी जेनटेक फार्म के उमाशंकर सिंह फरार चल रहे हैं. पुलिस ने थाना कांड संख्या 160/11 में धारा 409/420 के तहत तत्कालीन कृषि पदाधिकारी अमरेश कुमार झा व अन्य को आरोपी बनाया था. उस समय से  झा को फरार दिखाया जा रहा था. इनके विरुद्व वारंट के साथ ही कुर्की जब्ती का आदेश अदालत द्वारा पहले ही निर्गत है.
 
अमरेश झा के बनाये 2500 डोभा की चल रही जांच
 
जमशेदपुर. कोडरमा पुलिस द्वारा गिरफ्तार जिला भू संरक्षण पदाधिकारी अमरेश कुमार झा द्वारा पूर्वी सिंहभूम जिले में बनाये गये 25 सौ डोभा की भी जांच की जा रही है. सरकार की अोर से भूमि संरक्षण विभाग को 55 सौ डोभा खोदने का निर्देश दिया गया था, जिसमें 25 सौ डोभा पूर्ण हुए थे. 
 
20 जुलाई को जिला योजना समिति की बैठक में पार्षदों ने भूमि संरक्षण विभाग द्वारा जेसीबी से बनाये गये डोभा में अनियमितता की शिकायत की थी, जिसके बाद जिले की प्रभारी मंत्री डॉ नीरा यादव ने जांच कमेटी गठित कर जांच कराने का आदेश दिया था.  इसमें खोदे गये सभी 25 सौ डोभा की जांच चल रही है. पूर्वी सिंहभूम के जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी अमरेश कुमार झा सरायकेला-खरसावां जिले एवं पश्चिम सिंहभूम जिले के प्रभार में थे.

दुर्घटना में एक की मौत

पदमा : पदमा सरैया सिमाना पथ पर पिकअप और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी. एक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक युवक विनोद भुइयां 25 वर्ष और गंभीर रूप से घायल रंजीत भुइयां (दोनों पिंडारकोन  निवासी) है. घायल रंजीत भुइयां को हजारीबाग सदर अस्पताल में भरती कराया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीखा मोड़ होने के कारण पिकअप वैन नंबर जेएच01बीएम/  2777 और बाइक नंबर जेएच0एम0/ 3757 अनियंत्रित होकर एक दूसरे से टकरा गयी. देर शाम घायल युवक की भी मौत का समाचार है.

सरसों तेल से लदे चार ट्रक हुए जब्त

चौपारण : प्रखंड के जीटी रोड स्थित झारखंड एवं बिहार के सीमा पर चोरदाहा में संचालित समेकित चेक पोस्ट से दलालों सहयोग से गाड़ी लेकर भाग रहे चार ट्रक को पुलिस ने जब्त किया है़ चारों ट्रकों पर सरसों का तेल लदा हुआ है़  जांचोपरांत एक ट्रक का परमिट सही पाये जाने पर उसे छोड़ दिया गया है़ जब कि तीन ट्रकों को जांच कर जुर्माना के लिए वाणिज्य कर कार्यालय चोरदाहा को सौंप दिया गया है़ जब्त ट्रक (ट्रक यूपी83टी 4274, यूपी75एटी 0595 एवं यूपी83टी 4275) है़   तीनों ट्रकों पर करीब साढ़े छह लाख जुर्माना लगाया गया है़  
 
बताया जा रहा है कि एक ही रात सरसों तेल से लदा 11 ट्रक चेक पोस्ट के केबिन से होकर गुजरा है़ सात ट्रक भागने में सफल हो गये, जब कि पुलिस  चार ट्रक को रसोइया धमना टॉल प्लाजा के पास पकड़ा. जब्त एक ट्रक के चालक ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि गाड़ी सभी बिहार के एक लाइन होटल पर खड़ी थी़  एक दलाल द्वारा पर गाडी तीन तीन हजार रुपया लेकर चेक पोस्ट के केबिन पर कोड वड बोल कर 11 ट्रक को पास कराया गया़  जिसमें सात गाड़ी भागने में सफल रह़े जब कि चार गाड़ी को पुलिस ने जब्त कर लिया़ उसके बाद गाड़ी पास करानेवाले दलाल का मोबाइल बंद  है.